कानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्वी उत्तर प्रदेश के सह-क्षेत्र कार्यवाह अनिल जी ने सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए जाति आधारित भेदभाव को समाज के लिए ‘कुष्ठरोग’ बताया है। रविवार को कानपुर के दामोदर नगर स्थित चन्द्रलोक गेस्ट हाउस और जूही बारादेवी के करपात्री नगर पार्क में आयोजित विराट हिन्दू महासम्मेलनों को संबोधित करते हुए उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया।
विरासत और संस्कारों पर मैकाले का प्रहार
अनिल जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व को जीवन जीने की कला सिखाती है, जिसके कारण भारत कभी ‘विश्वगुरु’ कहलाता था। उन्होंने लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति की आलोचना करते हुए कहा कि इसने हमारी सांस्कृतिक जड़ों को कमजोर किया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आज संयुक्त परिवारों के टूटने और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से परिवार के सदस्यों के बीच संवाद समाप्त हो गया है, जिससे अगली पीढ़ी को मिलने वाले संस्कार प्रभावित हो रहे हैं।
भेदभाव मुक्त समाज का आह्वान
सामाजिक एकता पर बल देते हुए मुख्य वक्ता ने कहा, “हम सब ईश्वर का अंश हैं और सप्तऋषियों की संतान हैं। जाति पहले कर्म के आधार पर थी, लेकिन स्वार्थी तत्वों ने इसे ऊंच-नीच में बदल दिया।” उन्होंने आह्वान किया कि जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक हिन्दू समाज शक्तिशाली नहीं बन सकता।
पर्यावरण और स्वास्थ्य की चिंता
भाषण के दौरान समाज को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए तीन प्रमुख मंत्र दिए गए:
-
विषमुक्त खेती: कैंसर जैसी बीमारियों से बचने के लिए रासायनिक खेती का त्याग और गमलों में सब्जी उगाने की सलाह।
-
पॉलीथिन मुक्ति: पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक का उपयोग बंद करना।
-
वृक्षारोपण: प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेना।
विशिष्ट अतिथियों के विचार
सम्मेलन में सिद्धनाथ धाम के महंत बाल योगी अरुण पुरी जी महाराज ने कहा कि संघ देशभर में सम्मेलनों के माध्यम से राष्ट्र उत्थान का कार्य कर रहा है। वहीं, कवयित्री डॉ. अंजना कुमार जी ने नारी शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार बताया। ब्रह्मकुमारी आश्रम की राखी जी ने भारत को पुनः ‘सोने की चिड़िया’ बनाने के लिए एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम की रूपरेखा
सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से और समापन ‘भारत माता की आरती’ के साथ हुआ। संचालन जितेन्द्र पाण्डे ने किया। कार्यक्रम में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. जे.एस. पाठक जी, गूगल गोल्डन बाबा मनोजानन्द महाराज जी, समाजसेवी गगनदीप सिंह जी, आशीष जी, अक्षय नारायण जी, अतुल शुक्ला जी, संस्कार जी, उत्कर्ष जी, प्रकर्ष वाजपेयी जी, रजनीकान्त जी, सत्यम जी, विकास अग्रवाल जी, उज्ज्वल जी, गौरव जी, रजनीश जी, खुड्डू मिश्रा जी, हंगा जी, बृजेश मिश्रा जी, अजय जी, महेश जी, रमेश जी, दिलीप जी व दिनेश गुप्ता जी आदि उपस्थित रहे।


