कानपुर में मनाई गई देवर्षि नारद जयंती: वक्ताओं ने कहा- ‘समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज़ बने पत्रकारिता’

कानपुर रविवार, 14 जून 2026

कानपुर में ‘देवर्षि नारद जयंती आयोजन समिति’ और प्रचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आद्य पत्रकार देवर्षि नारद की जयंती गौरवपूर्ण ढंग से मनाई गई। दामोदर नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं ने देवर्षि नारद के जीवन और उनके संचार कौशल पर प्रकाश डाला। इस दौरान वक्ताओं ने उन्हें भारतीय संस्कृति का ‘प्रथम और आदर्श संचारक’ बताते हुए समकालीन मीडिया जगत से उनके नैतिक आदर्शों को अपनाने की अपील की।

देवर्षि नारद: लोककल्याण और निष्पक्ष संवाद के प्रतीक

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और पीपीएन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार सिंह जी ने कहा कि देवर्षि नारद केवल धार्मिक या आध्यात्मिक परंपरा के पात्र नहीं थे। वे समाज के हर वर्ग के बीच सेतु का काम करने वाले एक कुशल कम्युनिकेटर थे। उन्होंने कहा, “नारद जी का जीवन सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और लोकमंगल की भावना से ओतप्रोत पत्रकारिता का सबसे बेहतरीन उदाहरण है। आज के समय में जब सूचनाओं की बाढ़ है, तब पत्रकारिता में इन मूल्यों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।”

‘अंतिम व्यक्ति की आवाज़ बनना ही सच्ची पत्रकारिता’

समारोह की अध्यक्षता कर रहे हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (HBTU) के कुलसचिव प्रो. अमित कुमार राठौर जी ने मीडिया की सामाजिक भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की सार्थकता इसी में है कि वह समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति की आवाज़ को मंच दे और समाज को एक सकारात्मक दिशा दिखाए।

वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कानपुर प्रान्त के प्रांत संघचालक भवानी भीख जी ने कहा कि देवर्षि नारद भारतीय समाज में समन्वय और लोकजागरण के प्रतीक हैं। आज देश के प्रत्येक क्षेत्र, विशेषकर मीडिया में काम करने वाले लोगों को अपने दायित्वों का निर्वहन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर करना चाहिए।

पत्रकारों का हुआ भव्य सम्मान

इस विशेष अवसर पर कानपुर के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ व युवा पत्रकारों का सम्मान किया गया। प्रो. अनूप कुमार सिंह जी, प्रो. अमित कुमार राठौर जी, भवानी भीख जी, विभाग प्रचारक बैरिस्टर जी और विभाग कार्यवाह साहब लाल जी ने पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर समाज में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन विभाग प्रचार प्रमुख आशीष प्रताप सिंह ने किया।

कार्यक्रम का संचालन विभाग प्रचार प्रमुख आशीष प्रताप सिंह जी ने किया एवं अतिथियों का परिचय कराया। इस अवसर पर सह विभाग प्रचार प्रमुख प्रवीण पाण्डेय जी, अंकुर जी, अक्षय जी, मनोज जी, ऋषभ गौड़ जी, संजय जी, अतुल जी, योगेन्द्र सचान जी, विमल परिहार जी, क्रांति कटियार जी, विवेक सचान जी सहित भारी संख्या में प्रबुद्धजन और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *