कानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी ने कहा कि हिंदू संस्कृति ने सदैव विश्व को सत्य, उदारता और अहिंसा का मार्ग दिखाया है। जब तक हम अपनी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जुड़े रहे, भारत ‘सोने की चिड़िया’ कहलाता रहा, किंतु जाति, भाषा और पंथों में बंटने के कारण हमें एक हजार वर्ष की गुलामी का दंश झेलना पड़ा। अब समय आ गया है कि हिंदू समाज संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। यह विचार उन्होंने रविवार को कानपुर दक्षिण जिले के माधव नगर स्थित हरदेव नगर (कर्रही) बस्ती में आयोजित ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

रामलाल जी ने कहा कि आज हम गुरु तेग बहादुर, महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान और महारानी अहिल्याबाई होलकर जैसे महान बलिदानियों के कारण जीवित हैं। संघ का मूल कार्य सामान्य व्यक्ति के भीतर इसी देशभक्ति को जाग्रत करना है।
उन्होंने वैश्विक संदर्भ देते हुए कहा कि हिंदू धर्म सहिष्णु है और विश्व कल्याण की कामना करता है। जहाँ कुछ विचारधाराएं धर्म न मानने पर हिंसा का सहारा लेती हैं, वहीं भारत ने कोरोना काल में दुनिया के 100 देशों को वैक्सीन भेजकर अपनी सेवा भावना का परिचय दिया।
माताओं-बहनों को संबोधित करते हुए उन्होंने आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को संस्कारवान बनाएं ताकि वे ‘लव जिहाद’ जैसी साजिशों का शिकार न हों। उन्होंने बच्चों को संघ की शाखाओं में भेजने पर जोर दिया ताकि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और अच्छे संस्कार विकसित हों।
रामलाल जी ने कहा कि समाज के अस्तित्व के लिए नई पीढ़ी का होना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने अच्छे नागरिक बनने के लिए ‘पंच–परिवर्तन’ : पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन (पारिवारिक मूल्य, सामाजिक समरसता. स्वदेशी का उपयोग व नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में धर्माचार्य प्रमुख मधुर जी महाराज ने पाँच माताओं—पृथ्वी, गऊ, भारत माता, गंगा और तुलसी माता की सेवा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीताम्बरा समूह के अध्यक्ष विशाल सिंह यादव जी ने की। विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत सेवानिवृत्त चौकी इंचार्ज अमृतलाल जी एवं माता विद्यावती राम अवतार महाविद्यालय की प्रबंधिका रेखा पाल जी उपस्थित रहीं।
सम्मेलन का शुभारंभ राजमाता इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आदित्य श्रीवास्तव के भजनों से हुआ। आदित्य श्रीवास्तव जी ने भजनों की प्रस्तुति की। अतिथियों का स्वागत के.के. सिंह जी, आदित्य राज जी, मोना शुक्ला जी, सुमन जी और रामबहादुर सिंह पाल जी ने किया। मंच संचालन राम प्रकाश जी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रांत प्रचारक श्रीराम जी, प्रान्त सह संपर्क प्रमुख दुर्गेश सिंह जी, सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख अनुपम जी, विभाग संघ चालक डॉ. श्याम बाबू जी, विभाग प्रचारक बैरिस्टर जी, विभाग कार्यवाह साहब लाल जी, विभाग प्रचार प्रमुख आशीष जी, भाग कार्यवाह सुशील कटियार जी, भाग प्रचारक यश जी, जिला विद्यार्थी प्रमुख आदित्य राज जी, नगर सह संघ चालक विवेक कटियार जी, देवेश शुक्ला जी, आशु जी, योगेन्द्र सचान जी, नगर कर्यवाह विमल जी, सह नगर कार्यवाह जतिन जी, प्रबंधक- श्री रामावतार इन्टर कॉलेज श्री विनय पाल जी, सोमदीप पाल जी, नमन जी, गौरव पाल जी, प्रखर मिश्र जी, अनिकेत कुमार (गन्नू) जी, राहुल सोनकर जी आदि मौजूद थे। सम्मलेन का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।
संघ समाचार: vskkanpur.matribhumisamachar.com/category/rss-news
