पत्रकारिता में सत्य ही सर्वोपरि है, वास्तविक समाज सेवा की गूंज हर वैचारिक दीवार को पार कर जाती है : राकेश जैन जी

झाँसी । बुधवार, 20 मई 2026

बुन्देलखण्ड डिग्री कॉलेज (बी.के.डी.) के स्वर्ण जयंती सभागार में आज ‘नारद जयंती समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। नारद जयंती समारोह समिति, झाँसी महानगर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख श्री राकेश जैन जी शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारिता में सत्य की महत्ता और संघ के सेवा कार्यों पर खुलकर अपनी बात रखी।

वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार का दिया उदाहरण

अपने संबोधन के दौरान श्री राकेश जैन जी ने देश के प्रसिद्ध पत्रकार रवीश कुमार और असम राज्य का एक बेहद दिलचस्प वाकया साझा किया। उन्होंने कहा, “रवीश कुमार संघ और संघ परिवार की आलोचना करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। लेकिन पत्रकार विरोधी हो या अनुकूल, कई बार उसे भी जमीनी सत्य को स्वीकार करना ही पड़ता है।”

उन्होंने 10 साल पहले असम में बनी सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का जिक्र करते हुए बताया कि वहां आरएसएस से जुड़ी संस्था ‘सेवा भारती’ ने स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम किया था। श्री राकेश जी ने कहा कि सेवा भारती के इसी निस्वार्थ काम का असर था कि खुद रवीश कुमार जैसे धुर आलोचक को भी अपने एक शो में यह मानना पड़ा था कि असम में आए राजनीतिक बदलाव और भाजपा सरकार बनने के पीछे सेवा भारती का जमीनी कार्य एक बहुत बड़ा कारण था।

सोशल मीडिया के युग में देवर्षि नारद के आदर्श जरूरी

श्री राकेश जैन जी ने देवर्षि नारद को ब्रह्मांड का प्रथम पत्रकार और संचारक बताते हुए कहा कि उनका हर संवाद लोक कल्याण और सत्य की स्थापना के लिए होता था। आज के सोशल मीडिया और सूचना क्रांति के दौर में जहाँ भ्रामक (फेक) ख़बरों का चलन बढ़ गया है, हमें नारद जी से प्रेरणा लेनी चाहिए। हमारा संवाद हमेशा सकारात्मक, पर्यावरण समर्थक और राष्ट्र को जोड़ने वाला होना चाहिए।

वैचारिक और मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी: डॉ. आशीष अग्निहोत्री

समारोह के मुख्य अतिथि और उप मुख्य चिकित्साधिकारी (झाँसी) डॉ. आशीष अग्निहोत्री जी ने कहा कि देवर्षि नारद का उद्देश्य हमेशा ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का रहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए केवल शारीरिक रूप से फिट होना काफी नहीं है, बल्कि मानसिक और वैचारिक स्वास्थ्य भी उतना ही आवश्यक है।

वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बुन्देलखण्ड डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस. के. राय जी ने युवा पीढ़ी से देवर्षि नारद के ज्ञान, विवेक और निरंतर गतिशील रहने के गुणों को अपने जीवन में उतारने की अपील की।

वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

इस भव्य समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट और निष्पक्ष कार्य करने वाले झाँसी के कई वरिष्ठ पत्रकारों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री महेश पटेरिया जी ने किया, जबकि अंत में पी. के विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. जे. के. मिश्रा जी ने सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक श्री मनोज जी, विभाग प्रचार प्रमुख श्री मनोज टाटा जी, महानगर सह संघचालक श्री जय सिंह सेंगर जी, महानगर सायं जिला प्रचारक श्री सचिन जी, महानगर प्रचार विभाग व नगर के दायित्वधारी स्वयंसेवक, सदर विधायक श्री रवि शर्मा जी, एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन जी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री संदीप सरावगी जी, गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, शिक्षकगण और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *